प्रेरित सूद:–
देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में सनसनीखेज वारदात हुई है. यहां एक युवती के मर्डर से हड़कंप मचा हुआ है. 23 साल की युवती की गर्दन काटकर हत्या कर दी गई है. पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है. ये घटना नगर कोतवाली क्षेत्र में हुई है.
देहरादून में 23 साल की युवती की निर्मम हत्या: देहरादून के नगर कोतवाली क्षेत्र में मच्छी बाजार इलाके में एक 23 साल की युवती की निर्मम हत्या कर दी गई है. हत्या आरोपी ने युवती की गर्दन काटकर इस वारदात को अंजाम दिया है. बताया जा रहा है कि 23 वर्षीय युवती घर से निकली थी. बाहर एक युवक ने बातचीत के दौरान उस पर हमला कर दिया. इस जघन्य हत्याकांड के बाद इलाके में हड़कंप मचा है तो लोगों में भारी आक्रोश है.
युवक ने चापड़ से गला रेता: प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक ने युवती पर चापड़ से हमला किया था. युवती का गला इतनी बुरी तरह कट गया कि वो नीचे गिर गई. घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम मौजूद है. पुलिस बल तैनात किया गया है. आरोपी की सरगर्मी से तलाश करने के बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है. इस घटना के विरोध में इलाके के बाजार की सभी दुकानें बंद हो गई हैं.
पुलिस अनुसार पूछताछ में पता चला है कि काफी दिनों से आकाश कुमार, युवती का पीछा कर रहा था. इसको लेकर कुछ दिन पहले दोनों के बीच बहस भी हुई थी. युवती पिछले 5 से 6 सालों से दूल्हे के कपड़ों की दुकान में काम करती थी.
हत्या आरोपी आकाश कुमार ने कुछ दिन पहले युवती को धमकी भी दी थी. युवती ने इसको लेकर खुड़बुड़ा चौकी में शिकायत दर्ज कराई थी. लेकिन पुलिस के ढीले रवैए के कारण कोई कार्रवाई नहीं हुई थी. इससे आरोपी आकाश कुमार के हौसले बुलंद हो गए. उसे शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं होने पर पुलिस का खौफ भी नहीं रहा.
ये भी पता चला है कि युवती और हत्या आरोपी आकाश कुमार के बीच पहले दोस्ती थी. जब आकाश की शादी हो गई तो युवती ने उसका साथ छोड़ते हुए बातचीत भी बंद कर दी थी. इसके बावजूद आकाश उसका पीछा करता रहता था. इस दौरान दो दिन पहले उसने युवती को जानमाल की धमकी दी तो उसने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई. पुलिस सुस्त रही. आखिरकार आरोपी आकाश ने युवती की हत्या कर दी.
