चमोली– जनपद में बहुप्रतीक्षित ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के कार्यों को गति देने और आमजन की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। शनिवार को जिलाधिकारी गौरव कुमार की अध्यक्षता में जिला कार्यालय में रेल परियोजना के निर्माण कार्यों की प्रगति और सुरक्षा इंतजामों को लेकर अहम समीक्षा बैठक हुई। बैठक में निर्माण कार्यों की रफ्तार बढ़ाने के साथ-साथ खनन, ब्लास्टिंग और भारी वाहनों की आवाजाही को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए गए।
ब्लास्टिंग से पहले पुख्ता इंतजाम और अलर्ट सिस्टम जरूरी
समीक्षा बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने खनन और विस्फोटक गतिविधियों पर विशेष जोर दिया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि ब्लास्टिंग के दौरान निर्धारित सुरक्षा मानकों और नियमों का कड़ाई से पालन किया जाए। विस्फोट से पहले संबंधित इलाकों में पर्याप्त सुरक्षा प्रबंध हों और चेतावनी व सूचना प्रणाली को और प्रभावी बनाया जाए, ताकि किसी भी तरह की दुर्घटना या जनहानि की स्थिति पैदा न हो।
तहसीलदारों को नियमित स्थलीय निरीक्षण के निर्देश
जिलाधिकारी ने कर्णप्रयाग और पोखरी के तहसीलदारों को अपने-अपने क्षेत्रों में चल रहे रेलवे निर्माण कार्यों का नियमित स्थलीय निरीक्षण करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि खनन, विस्फोट, श्रमिकों की आवाजाही तथा भारी वाहनों व ट्रकों के संचालन पर पैनी नजर रखी जाए। प्रशासन का फोकस इस बात पर भी रहा कि निर्माण गतिविधियों के चलते स्थानीय लोगों, ग्रामीण इलाकों और सार्वजनिक सड़कों पर अनावश्यक परेशानी या जाम की स्थिति न बने।
विकास और कनेक्टिविटी की लाइफलाइन है रेल परियोजना
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने कहा कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना चमोली जिले के विकास और बेहतर कनेक्टिविटी के लिहाज से बेहद अहम है। इसलिए निर्माण कार्यों को बिना रुके आगे बढ़ाना जरूरी है, लेकिन इसके साथ ही आम नागरिकों की सुरक्षा और सुविधाओं से कोई समझौता नहीं होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्माण एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लेते रहने के निर्देश दिए।




