गोपेश्वर– आपदा प्रबंधन दिवस के अवसर पर शनिवार को जनपद चमोली में राज्य स्तरीय आपदा प्रबंधन मॉक अभ्यास आयोजित किया गया। विभिन्न तहसील क्षेत्रों के 08 स्थानों पर कृत्रिम आपदा परिदृश्य तैयार कर राहत, बचाव और त्वरित प्रतिक्रिया की तैयारियों को परखा गया।
जिलाधिकारी गौरव कुमार ने जिला आपदा परिचालन केंद्र से सभी आठों घटनास्थलों पर चल रहे रेस्क्यू अभियानों की निगरानी की। उन्होंने इंसिडेंट कमांडरों से सीधे संवाद कर प्रगति की जानकारी ली और तय समय में विभागों के बीच प्रभावी समन्वय के निर्देश दिए।

इन 08 स्थानों पर हुआ अभ्यास:
तपोवन एनटीपीसी टनल (ज्योतिर्मठ): सुरंग में बाढ़ व जलभराव के बीच फंसे श्रमिकों की निकासी।
जीएमवीएन परिसर (ज्योतिर्मठ): 6.0 तीव्रता के भूकंप से क्षतिग्रस्त कक्षों में फंसे लोगों का बचाव।
टीएचडीसी टनल हाट (पीपलकोटी): भूस्खलन से अवरुद्ध मार्ग व सुरंग में फंसे कर्मियों का रेस्क्यू।
चटवापीपल (कर्णप्रयाग): राष्ट्रीय राजमार्ग पर टेंपो ट्रैवलर दुर्घटना में फंसे यात्रियों की निकासी व उपचार।
मोहनखाल मार्ग (पोखरी): भालू के हमले में घायल लोगों को चिकित्सा मदद व वन्यजीव को सुरक्षित पकड़ने का अभ्यास।
कुंतरी गांव के समीप (घाट): हेलीकॉप्टर की आपातकालीन लैंडिंग के बाद यात्रियों व चालक दल की सुरक्षा।
राजकीय इंटर कॉलेज (थराली): भूकंप से क्षतिग्रस्त भवन में फंसे विद्यार्थियों का सुरक्षित बचाव।
कालिमाटी गांव (गैरसैंण): आबादी क्षेत्र की ओर बढ़ती भीषण आग पर काबू व सुरक्षित निकासी।
अभ्यास में पुलिस, एसडीआरएफ, डीडीआरएफ, एनडीआरएफ, आईटीबीपी, गढ़वाल स्काउट, एसएसबी, सीआईएसएफ, स्वास्थ्य, अग्निशमन, वन विभाग सहित विभिन्न विभागों व एजेंसियों ने जेसीबी, एंबुलेंस, डिवाटरिंग पंप, कटर, सैटेलाइट फोन और ट्रैप केज जैसे उपकरणों के साथ समन्वय का परीक्षण किया। सभी स्थलों से ऑनलाइन प्रसारण के जरिए गतिविधियों को आपदा परिचालन केंद्र से जोड़ा गया।




