रुद्रप्रयाग–विकास खंड जखोली की ग्राम पंचायत भीराणी में आज बहुजन मुक्ति पार्टी (BMP) के पदाधिकारियों द्वारा एक व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान के दौरान पदाधिकारियों ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित किया और आगामी बामसेफ (BAMCEF) के 43वें राष्ट्रीय अधिवेशन के संबंध में प्रचार-प्रसार कर लोगों को जागरूक किया।

जनसंपर्क कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रुद्रप्रयाग विधानसभा क्षेत्र से आगामी चुनाव की तैयारी कर रहे पार्टी नेता रमेश प्रकाश शाह व अन्य पदाधिकारियों ने देश में ‘व्यवस्था परिवर्तन’ की आवश्यकता पर जोर दिया। वक्ताओं का कहना था कि मौजूदा व्यवस्था में आम जनता के संवैधानिक अधिकारों का हनन हो रहा है, जिसके लिए जमीनी स्तर पर जन-जागरूकता जरूरी है।

इसके साथ ही रमेश प्रकाश शाह और पदाधिकारियों ने चुनाव प्रक्रिया में इस्तेमाल होने वाली ईवीएम (EVM) के विरोध में भी अपनी बात रखी और निष्पक्ष चुनाव प्रणाली की मांग उठाई। वक्ताओं ने केंद्र और राज्य सरकार की नीतियों की आलोचना करते हुए कहा कि सरकार द्वारा अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) की जाति आधारित जनगणना नहीं कराई जा रही है, जिससे इस वर्ग को उनकी आबादी के अनुपात में हिस्सेदारी और अधिकार नहीं मिल पा रहे हैं।

पार्टी कार्यकर्ताओं ने ग्राम पंचायत भीराणी के ग्रामीणों से अपील की कि वे अपने संवैधानिक अधिकारों की रक्षा और सामाजिक न्याय की इस मुहिम को मजबूत करने के लिए बामसेफ के 43वें राष्ट्रीय अधिवेशन से जुड़ें। कार्यक्रम के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण और पार्टी के कार्यकर्ता मौजूद रहे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *