देहरादून: उत्तराखण्ड की पारदर्शी खनन नीति और तकनीक आधारित ई-चेक गेट प्रणाली अब देश के अन्य राज्यों के लिए भी एक आदर्श मॉडल बनकर उभरी है। इसी कड़ी में सोमवार को छत्तीसगढ़ शासन के खनन विभाग के तीन वरिष्ठ अधिकारियों की टीम ने उत्तराखण्ड की खनन नीति, नियमावली और एमडीटीएसएस (MDTSS) योजना के तहत स्थापित ई-चेक गेट प्रणाली की कार्यप्रणाली का गहन अध्ययन किया।

छत्तीसगढ़ खनन विभाग के पत्र के क्रम में विभाग के संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार मिश्रा, संयुक्त निदेशक भूपेन्द्र कुमार एवं खान निरीक्षक राजू यादव को देहरादून स्थित भूतत्व एवं खनिकर्म निदेशालय पहुंचे। यहां उन्होंने निदेशालय के निदेशक राजपाल लेघा से शिष्टाचार भेंट की। बैठक के दौरान उत्तराखण्ड में अवैध खनन पर अंकुश लगाने और राजस्व वृद्धि के लिए लागू की गई एमडीटीएसएस योजना एवं ई-चेक गेट प्रणाली की सफलता पर विस्तृत चर्चा हुई।
ई-चेक गेटों का किया स्थलीय निरीक्षण
निदेशालय में चर्चा के पश्चात छत्तीसगढ़ से आए अधिकारियों के दल ने राज्य के अंतर्गत स्थापित ई-चेक गेटों का मौके पर जाकर निरीक्षण भी किया। उन्होंने ई-चेक गेट के माध्यम से खनिज वाहनों की निगरानी, ऑनलाइन रवन्ना जांच और पारदर्शी व्यवस्था की बारीकियों को समझा।
कई अन्य राज्य भी अपना रहे हैं उत्तराखण्ड का मॉडल
गौरतलब है कि उत्तराखण्ड में खनन क्षेत्र में किए गए नीतिगत सुधारों और डिजिटल निगरानी व्यवस्था की सराहना राष्ट्रीय स्तर पर हो रही है। छत्तीसगढ़ से पूर्व उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर सहित कई अन्य राज्यों के खनन विभाग के अधिकारी भी इस प्रणाली का अध्ययन करने के लिए उत्तराखण्ड का दौरा कर चुके हैं।
इस अवसर पर निदेशालय के खान अधिकारी ताजबर नेगी, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी गुणानन्द खण्डूडी तथा परियोजना से जुड़ी आईटीआई कंपनी के प्रतिनिधि आदि उपस्थित रहे।




