पौड़ी – प्राकृतिक सौंदर्य और शांत वातावरण के लिए प्रसिद्ध पौड़ी को पर्यटन नगरी के रूप में एक नई और आधुनिक पहचान दिलाने की दिशा में जिला प्रशासन ने एक बड़ा कदम उठाया है। ब्लॉक कार्यालय पौड़ी के समीप नवनिर्मित ‘इको एडवेंचर पार्क’ का आज भव्य शुभारंभ किया गया।

इस अवसर पर मुख्य रूप से पौड़ी विधायक राजकुमार पोरी जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया, पौड़ी एवं ब्लॉक प्रमुख अस्मिता नेगी ने कार्यक्रम में सहभागिता कर पार्क का लोकार्पण किया।
रोमांच और सुकून का अनूठा संगम
पौड़ी की पर्यटन संभावनाओं को विस्तार देने के उद्देश्य से तैयार किया गया यह इको एडवेंचर पार्क बच्चों, युवाओं और सैलानियों के लिए आकर्षण का नया केंद्र बनेगा। पार्क में साहसिक (एडवेंचर) और अनुभव आधारित पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए कई आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं:
रोमांचक गतिविधियां: पर्यटक यहां जिपलाइन, बर्मा ब्रिज, टायर क्लाइम्बिंग, कमांडो नेट और एडवेंचर ऑब्स्टेकल जैसी रोमांचक गतिविधियों का आनंद ले सकेंगे।

मड कैफे रोमांच के साथ-साथ पारंपरिक और प्राकृतिक अहसास देने के लिए यहां एक आकर्षक ‘मड कैफे’ भी बनाया गया है, जहां स्थानीय नागरिक और सैलानी पहाड़ की वादियों के बीच सुकून के पल बिता सकेंगे।
स्थानीय युवाओं के लिए खुलेंगे रोजगार के द्वार
यह पहल न केवल बाहरी पर्यटकों को पौड़ी की ओर आकर्षित करेगी, बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती देगी। पार्क के संचालन और इससे जुड़ी गतिविधियों के माध्यम से क्षेत्र के युवाओं के लिए रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।
प्रमुख पर्यटन गंतव्य बनाने की कवायद
पौड़ी अपनी नैसर्गिक सुंदरता और समृद्ध सांस्कृतिक विरासत के लिए पहले से ही जाना जाता है। जिला प्रशासन के इस नवाचारपूर्ण प्रयास से पौड़ी की पर्यटन पहचान को नई मजबूती मिलेगी और यह क्षेत्र प्रदेश के एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य के रूप में उभरेगा। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की इस दूरदर्शी पहल की सराहना की है।
