देहरादून –कैंपा के तहत होने वाले कार्यों की गुणवत्ता और वित्तीय पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए अब निगरानी तंत्र को और सख्त किया जा रहा है। नेशनल कैम्पा ने निर्णय लिया है कि देशभर में कैम्पा फंड से होने वाले कार्यों के थर्ड पार्टी ऑडिट के लिए स्वतंत्र संस्थाओं का एक केंद्रीय पैनल तैयार किया जाएगा। गौरतलब है कि बीते 16 वर्षों में अकेले उत्तराखंड को ही कैम्पा मद में लगभग 2900 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हो चुकी है।
वित्तीय वर्ष 2026-27 से प्रभावी होगी नई व्यवस्था
नेशनल कैम्पा द्वारा लागू की जा रही यह नई व्यवस्था वित्तीय वर्ष 2026-27 से प्रभावी होगी। इस कदम का मुख्य उद्देश्य देश के सभी राज्यों में होने वाले थर्ड पार्टी ऑडिट के मानकों और प्रक्रिया में एकरूपता (यूनिफॉर्मिटी) लाना है। अभी तक राज्यों द्वारा अपने स्तर पर ऑडिट एजेंसियों के चयन से मूल्यांकन के तरीकों में भिन्नता रहती थी, जिसे अब राष्ट्रीय स्तर के पैनल के माध्यम से समाप्त किया जाएगा।
पैनल में शामिल संस्थाओं से ही राज्य करा सकेंगे ऑडिट
नई व्यवस्था के तहत राज्य सरकारें या राज्य कैम्पा प्राधिकरण अपनी मर्जी से किसी भी एजेंसी को नियुक्त करने के बजाय नेशनल कैम्पा द्वारा तैयार पैनल में शामिल स्वतंत्र संस्थाओं से ही अपने यहां के कार्यों का थर्ड पार्टी ऑडिट करा सकेंगे। इससे न केवल जमीनी स्तर पर हुए वनीकरण और अन्य कार्यों की वास्तविक स्थिति सामने आएगी, बल्कि बजट के दुरुपयोग की आशंका भी कम होगी।
उत्तराखंड कैम्पा ने भी शुरू की ऑडिट की तैयारी
केंद्र स्तर पर हो रहे इस नीतिगत बदलाव के बीच उत्तराखंड कैम्पा ने भी अपने पिछले वर्षों के कार्यों का थर्ड पार्टी ऑडिट कराने की तैयारी पूरी कर ली है। राज्य में वन भूमि हस्तांतरण के बदले क्षतिपूरक वनीकरण, वनाग्नि सुरक्षा, जल एवं मृदा संरक्षण और मानव-वन्यजीव संघर्ष की रोकथाम जैसे कार्यों पर पिछले 16 सालों में करीब 2900 करोड़ रुपये का बजट मिल चुका है। अब इन कार्यों के मूल्यांकन और पारदर्शिता को लेकर विभाग सतर्क हो गया है।
क्या होता है कैम्पा फंड?
जब किसी विकास परियोजना (जैसे सड़क चौड़ीकरण, जलविद्युत परियोजना, रेलवे या खनन) के लिए वन भूमि का उपयोग किया जाता है, तो संबंधित निर्माण एजेंसी को पेड़ों की कटाई और वन क्षेत्र के नुकसान की भरपाई के लिए निर्धारित राशि जमा करनी होती है। यही राशि कैम्पा फंड में जाती है, जिसका इस्तेमाल नए जंगल विकसित करने, वन्यजीवों के आवास सुधारने और पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में किया जाता है।



