देहरादून: उत्तराखंड में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव की बिसात बिछनी शुरू हो गई है। इसी कड़ी में रुद्रप्रयाग विधानसभा सीट हॉट सीट बनती नजर आ रही है, जहां स्थानीय विधायक व कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. हरक सिंह रावत आमने-सामने आ गए हैं।

कैबिनेट मंत्री भरत सिंह चौधरी के बयानों पर पलटवार करते हुए हरक सिंह रावत ने उन्हें खुली चुनौती दी है। हरक सिंह ने तीखे तेवर दिखाते हुए कहा, “अगर पार्टी हाईकमान मुझे 2027 में रुद्रप्रयाग से चुनाव लड़ने का आदेश देती है, तो भरत सिंह चौधरी दूर-दूर तक कहीं नजर नहीं आएंगे।”

2012 के चुनाव का जिक्र कर कसा तंज

हरक सिंह रावत ने 2012 के विधानसभा चुनाव के आंकड़ों का हवाला देते हुए भरत चौधरी की राजनीतिक ताकत पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि 2012 में जब कांग्रेस ने उन्हें रुद्रप्रयाग से मैदान में उतारा था, तब भरत चौधरी निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़े थे और महज 5 से साढ़े 5 हजार वोटों पर सिमट गए थे। हरक ने तंज कसते हुए कहा कि रुद्रप्रयाग में उनका घर न होने के बावजूद उन्होंने वहां से शानदार जीत दर्ज की थी। अगर 2027 में दोबारा ऐसा मौका आया, तो दूध का दूध और पानी का पानी हो जाएगा।

क्या है हरक सिंह रावत की पहली पसंद?

रुद्रप्रयाग से ताल ठोकने के साथ ही हरक सिंह रावत ने अपनी असल चुनावी प्राथमिकता भी स्पष्ट कर दी है। उन्होंने बताया कि वे 2027 का विधानसभा चुनाव सहसपुर विधानसभा सीट से लड़ना चाहते हैं और इसके लिए उन्होंने पार्टी आलाकमान को अपनी इच्छा से अवगत भी करा दिया है।

‘पार्टी का सिपाही हूं, हर आदेश मानूंगा’

कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाल रहे हरक सिंह रावत ने टिकट वितरण के मुद्दे पर बेहद सधा हुआ बयान दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में टिकट किसी व्यक्ति के हाथ में नहीं होता, बल्कि यह सर्वे, जीतने की क्षमता और पार्टी के चयन प्रक्रिया पर निर्भर करता है।

अपने पुराने चुनावी अनुभवों को साझा करते हुए उन्होंने कहा:

2002 में: उन्होंने पौड़ी सीट से चुनाव लड़ने की इच्छा जताई थी, लेकिन पार्टी ने उन्हें लैंसडाउन से उतारा।

2012 में: वे डोईवाला से चुनाव लड़ना चाहते थे, मगर पार्टी के आदेश पर रुद्रप्रयाग से चुनाव लड़े।

हरक सिंह रावत ने साफ किया कि वे कांग्रेस के एक अनुशासित सिपाही हैं। उन्होंने अपनी इच्छा सहसपुर के लिए जरूर जताई है, लेकिन 2027 में पार्टी जहां से भी आदेश देगी, वे वहीं से चुनावी मैदान में उतरकर जीत का परचम लहराएंगे।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *