क्राईम स्टोरी न्यूज़ विकासनगर। रामपुर में बीते शुक्रवार की रात कांवड़ियों पर किए गए पथराव की घटना के बाद शनिवार को सहसपुर और सेलाकुई पुलिस अलर्ट मोड पर आ गयी। अंतिम दिन कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने लिए सेलाकुई से लेकर सहसपुर, हरबर्टपुर, कुल्हाल तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस और पीएसी तैनात रही। पूरी कांवड़ यात्रा पर शनिवार तड़के से लेकर देर शाम यात्रा संपन्न होने तक ड्रोन से निगरानी की गई। एसपी देहात और सीओ विकासनगर सहसपुर में डेरा डालकर खुद पूरी यात्रा के दौरान जगह-जगह निगरानी करते रहे। उधर, पथराव के मामले में सहसपुर थाना पुलिस ने एक पूर्व जिला पंचायत सदस्य सहित कई अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ विभिन्न आपराधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। कांवड़ यात्रा पर पथराव करने के मामले में ग्यारह कांवड़ यात्रियों अर्जुन, रोहन, सूरज, गौरव, अमन,हिमांशु, अमित, धीरज, अंकित, आर्यन, अतुल आदि ने पुलिस को तहरीर दी। कहा कि शुक्रवार की रात करीब दस बजे रामपुर में पच्चीस लोग कांवड़ यात्रा में चल रहे थे। तभी कुछ लोगों ने उन पर पथराव किया, जिसमें भोलेनाथ की प्रतिमा खंडित हो गयी। कई कांवड़ यात्रियों को चोटें आई हैं। कांवड़ यात्रियों की तहरीर पर सहसपुर पुलिस ने पूर्व जिला पंचायत सदस्य राशिद पहलवान सहित कई अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ बलवा, मारपीट, गाली-गलौज, जान से मारने की धमकी देने, धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने सहित विभिन्न आपराधिक धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *