वन विभाग की सूझ-बूझ से एक शावक मिला अपनी माँ से*

 

 

नरेन्द्रनगर वन प्रभाग, मुनिकीरेती वर्तमान में वन्यजीव संघर्ष न्यूनीकरण हेतु लगातार प्रयास कर रहा है। गत् सप्ताह में नरेन्द्रनगर वन प्रभाग की शिवपुरी रेंज, मुनिकीरेती के अन्तर्गत वन विभाग को सूचना मिली कि शिवपुरी रेंज में किसी स्थल पर (सुरक्षा कारणों से स्थल का नाम गुप्त रखा गया है) एक गुलदार का शावक फंस गया है तथा मादा गुलदार इसी शावक के पास चहल कदमी कर रही है। सूचना पाकर शिवपुरी रेंज के वन क्षेत्राधिकारी मय क्यू0आर0टी0 (क्विक रिस्पोंस टीम) मौके पर रवाना हुए। टीम द्वारा देखा गया कि वास्तव में एक पानी के टैंक जो कि ऊपर से खुला था तथा टैंक में पानी नहीं था, उस टैंक में एक गुलदार का शावक गिर गया था तथा बहुत प्रयास करने के बाद भी वह ऊपर नहीं आ पा रहा था। वन विभाग की टीम द्वारा पहले कुछ समय तो केवल वॉच किया गया।

किन्तु अंधेरा होने से ठीक पहले उस गुलदार के शावक को आधुनिक उपकरणों से टैंक से बाहर निकाल लिया गया। गुलदार का शावक स्वस्थ अवस्था में था। तत्पश्चात् मादा गुलदार को सर्च किया गया तथा मादा गुलदार के मिलने के पश्चात् गुलदार के शावक को सुरक्षित रिलीज कर दिया गया। वन क्षेत्राधिकारी विवेक जोशी ने बताया कि मादा गुलदार अपने शावक को बहुत ही हिफाजत के साथ रखती है तथा यदि शावक किसी कारणवश खो जाए तो मादा गुलदार वन्यजीव संघर्ष को बढ़ावा दे सकती थी, जिस हेतु शावक का सही प्रकार से रेस्क्यू किया जाना अति आवश्यक था तथा उक्त क्षेत्र में मोनिटरिंग हेतु ट्रैप कैमरे लगाए गए हैं। उक्त कार्य हेतु प्रभागीय वनाधिकारी, नरेन्द्रनगर श्री दिगांथ नायक ने शिवपुरी रेंज की क्यू0आर0टी0 टीम की प्रशंसा की तथा कहा कि इस प्रकार के रेस्क्यू ऑपरेशन वन विभाग एवं ग्रामीणों के मध्य वन्यजीवों के प्रति लगाव को प्रदर्शित करते हैं। पर्यावरण संतुलन हेतु वन्यजीव एवं स्थानीय निवासियों के मध्य सामंजस्य होना अति आवश्यक है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *