देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में शुक्रवार को हुई उत्तराखंड मंत्रिमंडल की बैठक में कुल 23 महत्वपूर्ण प्रस्तावों पर मुहर लगी। आगामी चुनावों को देखते हुए इस बैठक में कर्मचारियों, स्वास्थ्य सेवाओं और भूमि मालिकाना हक से जुड़े कई बड़े निर्णय लिए गए हैं।

​बैठक के प्रमुख फैसले:

.खनन और चीनी मिलों को राहत: मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि खनन पर बढ़ी हुई दरों से रॉयल्टी नहीं वसूली जाएगी। वहीं, पेराई सत्र के दौरान चीनी मिलों को आसानी से कर्ज मिल सके, इसके लिए सरकार ने ₹207.75 करोड़ की बैंक गारंटी देने पर सहमति जताई है।

 

  • ​आशा और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को तोहफा: आशा कार्यकर्ताओं के मानदेय में सीधे ₹1700 की बढ़ोतरी की गई है। अब उन्हें ₹8,300 की जगह ₹10,000 प्रतिमाह मानदेय मिलेगा। इसके अलावा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं और सहायकों का मानदेय बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री को अधिकृत किया गया है।
  • ​वन भूमि पर बसे लोगों को मालिकाना हक: बापू ग्राम और बिंदुखत्ता समेत अन्य क्षेत्रों में वर्षों से वन भूमि पर रह रहे लोगों को मालिकाना हक देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। इन क्षेत्रों को डी-रिजर्व (गैर-आरक्षित) करने का प्रस्ताव केंद्र सरकार को भेजने की मंजूरी दी गई है। साथ ही, जमीन नियमितीकरण (रेगुलराइज) की नीति बनाने के लिए एक उप-मंत्रिमंडलीय समिति भी गठित की जाएगी।
  • ​पीजी डॉक्टरों के लिए 2 साल का बॉन्ड अनिवार्य: पहाड़ी और दूरस्थ इलाकों में डॉक्टरों की कमी दूर करने के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेजों से पोस्ट ग्रेजुएशन (PG) करने वाले छात्रों के लिए 2 साल का सेवा बॉन्ड अनिवार्य कर दिया गया है। कोर्स पूरा करने के बाद उन्हें राज्य में दो वर्ष सेवा देनी होगी।
  • ​सामाजिक सुरक्षा संहिता नियमावली, 2026: इस नई नियमावली को मंजूरी मिलने से अब संगठित क्षेत्र के साथ-साथ असंगठित क्षेत्र के कामगारों को भी सामाजिक सुरक्षा के दायरे में शामिल किया गया है।

​अन्य महत्वपूर्ण निर्णय:

  1. ​भर्ती नियमों में संशोधन: ESI में फार्मासिस्ट की सीधी भर्ती के लिए अब डी. फार्मा (D.Pharm) के साथ बी. फार्मा (B.Pharm) डिग्री धारक भी पात्र होंगे। साथ ही उत्तराखंड एक्स-रे तकनीशियन नियमावली और अधीनस्थ वन सेवा नियमावली, 2026 को भी मंजूरी दी गई।
  2. ​नए पदों का सृजन: उत्तराखंड सफाई कर्मचारी आयोग में उपाध्यक्ष का एक अतिरिक्त पद और आबकारी विभाग में उप आबकारी आयुक्त (5) व सहायक आबकारी आयुक्त (6) के कुल 11 नए पदों को स्वीकृति मिली है।
  3. ​प्रशासनिक और नीतिगत फैसले: सेतु आयोग के विभागीय ढांचे और उत्तराखंड पेयजल योजनाओं के संचालन व रखरखाव नीति, 2026 को मंजूरी दी गई। इसके अलावा, राज्य के निर्माण कार्यों के लिए सूचीबद्ध संस्थानों की सूची से NHIDCL को हटा दिया गया है और विधानसभा के मानसून सत्र के सत्रावसान को भी स्वीकृति प्रदान की गई।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *