पौड़ी। 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को पूरा पौड़ी जनपद तिरंगे के रंग में रंगा नजर आया। शहर से लेकर गांवों तक देशभक्ति का माहौल रहा और भारत माता के जयघोष से पूरा वातावरण गूंज उठा। स्वतंत्रता दिवस समारोह की शुरुआत स्कूली बच्चों की भव्य प्रभात फेरी से हुई, जो एजेंसी चौक से कलेक्ट्रेट परिसर तक निकाली गई।

जिला मुख्यालय में आयोजित मुख्य कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री मदन कौशिक ने ध्वजारोहण कर राष्ट्रध्वज को सलामी दी। इसके बाद कलेक्ट्रेट परिसर में उन्होंने जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया के साथ सभी जनपदवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

संस्कृति विभाग के प्रेक्षागृह में आयोजित मुख्य समारोह का शुभारंभ प्रभारी मंत्री मदन कौशिक, जिला पंचायत अध्यक्ष रचना बुटोला, विधायक राजकुमार पोरी, जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया तथा नगर पालिकाध्यक्ष हिमानी नेगी ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री ने सभी उपस्थित लोगों को ‘नशामुक्त भारत’ की शपथ दिलाई।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वीर नारियों का सम्मान

कार्यक्रम के दौरान स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों, वीर सैनिकों एवं वीर नारियों को पुष्पगुच्छ, शॉल व स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। इसके अलावा अंडर-14 और अंडर-17 क्रॉस कंट्री दौड़ के विजेता खिलाड़ियों को भी पुरस्कार देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। विभिन्न विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति से ओत-प्रोत सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से समां बांधा।

विशिष्टजनों के संबोधन

मदन कौशिक (प्रभारी मंत्री): स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को याद करते हुए युवाओं से नशे से दूर रहकर राष्ट्र निर्माण में योगदान देने, बेटियों की शिक्षा-सुरक्षा और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण का आह्वान किया।

स्वाति एस. भदौरिया (जिलाधिकारी): उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस अधिकारों के साथ कर्तव्यों का भी बोध कराता है। पारदर्शी प्रशासन, त्वरित जनसमस्या निस्तारण और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता है।

हिमानी नेगी (नगर पालिकाध्यक्ष): स्वच्छ, सुंदर और प्लास्टिक मुक्त पौड़ी के निर्माण के लिए आम जनता से सहयोग की अपील की।

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत पौधरोपण

समारोह के समापन के बाद रांसी स्टेडियम के समीप ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपे गए। जिलाधिकारी ने पौधरोपण कर कहा कि केवल पौधा लगाना ही काफी नहीं है, बल्कि उसे वृक्ष बनाने तक नियमित देखभाल करना हमारी जिम्मेदारी है।

 

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *