क्राईम स्टोरी न्यूज़ विकासनगर। राष्ट्रीय युवा दिवस पर थाना पुलिस और सीपीयू के जवानों ने मुख्य बाजार में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। पुलिस कर्मियों ने युवाओं, व्यापारियों और आम नागरिकों को यातायात के नियमों की जानकारी दी। इसके साथ ही नशे की हालत में वाहन नहीं चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात नहीं करने की अपील की। थानाध्यक्ष मोहन सिंह के नेतृत्व मे चलाए गए अभियान के तहत पुलिस कर्मियों ने बताया कि सबसे अधिक सड़क दुर्घटना तेज गति ,नशे का सेवन कर वाहन चलाने और वाहन चलाते समय मोबाइल पर बात करने के कारण होती हैं। जिससे कई लोगों की जान चली जाती है। बताया कि देश में लापरवाही से वाहन चलाने के कारण सड़क हादसों की संख्या बढ़ती जा रही है। उन्होंने लोगों से कहा कि नाबालिग बच्चों को दुपहिया वाहन नहीं दिए जाने चाहिए। कहा कि बच्चों को वाहन की चाबी थमाने के बजाय उन्हें जिंदगी की खुशियां दीजिए, जिससे वे सुखमय जीवन जी सकें। पुलिस कर्मियों ने व्यापारियों को भी अपने निजी वाहन सड़क पर आड़े तिरछे खड़े नहीं करने की सलाह दी। बताया कि सड़क पर खड़े वाहन भी कई बार दुर्घटना का कारण बनते हैं। इसके साथ ही उन्होंने राहगीरों को सड़क पर चलते समय यातायात के नियमों का पालन करने की सलाह दी। कहा कि सड़क पर पैदल चलने और सड़क पार करने के भी नियम होते हैं, जिनका पालन कर खुद को अनहोनी से बचाया जा सकता है। पुलिस कर्मियों ने कार चलाते समय सीट बेल्ट पहनने और दुपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग करने की अपील की है।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *