देहरादून। उत्तराखंड में हाल ही में आई भीषण प्राकृतिक आपदा को देखते हुए राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी ने प्रदेश सरकार को हर संभव सहयोग देने का संकल्प लिया है। पार्टी के प्रदेश मीडिया प्रभारी पंकज कपूर ने प्रेस को संबोधित करते हुए कहा कि यह समय राजनीति से ऊपर उठकर जनसेवा और एकजुटता का है।

पंकज कपूर ने कहा कि उत्तरकाशी, चमोली, टिहरी, रुद्रप्रयाग, पिथौरागढ़ जैसे जनपदों में जो जन-धन की क्षति हुई है, वह अत्यंत दुखद और चिंताजनक है। लेकिन इस संकट के समय में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने त्वरित और सक्रिय राहत कार्य संचालित किए हैं, जिनकी सराहना की जानी चाहिए,हमारी पार्टी सरकार के प्रयासों में पूरी प्रतिबद्धता के साथ सहभागी है। हम अपने कार्यकर्ताओं से आह्वान करते हैं कि वे स्थानीय प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए राहत और पुनर्वास कार्यों में मदद करें।– उन्होंने कहा कि राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी ने राज्य के सभी जिलों में अपने संगठन को सक्रिय कर दिया है, और कार्यकर्ताओं को निर्देशित किया गया है कि वे जरूरतमंद लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाएं, रक्तदान शिविरों का आयोजन करें, और किसी भी प्रकार की अफवाहों से बचें।

पंकज कपूर ने केंद्र सरकार से भी अनुरोध किया कि वह उत्तराखंड की इस आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित कर विशेष पैकेज जारी करे, ताकि राज्य के पुनर्निर्माण और प्रभावित लोगों के जीवन में स्थायित्व लाया जा सके।

उन्होंने विपक्ष से भी अपील की कि वह इस कठिन समय में राजनीतिक बयानबाज़ी छोड़कर एक सकारात्मक सहयोगी भूमिका निभाए।

राष्ट्रवादी रीजनल पार्टी सदैव उत्तराखंड के जनमानस के साथ है। संकट की इस घड़ी में हम सरकार के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़े हैं।

By admin

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *