चम्पावत। वेतन भत्तों समेत तमाम मांगों को लेकर आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां तहसील पहुंचे। यहां उन्होंने तहसीलदार के माध्यम से भारत निर्वाचन आयोग को पत्र भेजकर मामले में उचित कार्रवाई की मांग की है। शनिवार को आंगनबाड़ी कार्यकत्रियां गीता चंद्र के नेतृत्व में तहसील पहुंची। उन्होंने तहसीलदार पिंकी आर्या को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि कई बार सरकार से कार्यकर्ताओं को मोबाइल रिचार्ज, प्रोत्साहन राशि, मतदान दिवस का मानदेय एक हजार रुपये निर्धारित करने, अच्छी गुणवत्ता का बीएलओ आईडी कार्ड बनवाने और स्वीप कार्यक्रम के तहत उन्हें ग्रीष्मकाल में छाता, पानी की बोतल, बैग और शीतकाल में जैकेट और टोपी देने की मांग की है। उन्होंने निर्वाचन आयोग से संज्ञान लेते हुए मांगों को पूरा करने में मदद की अपील की है। ज्ञापन देने में ब्लॉक प्रभारी सरोज मोनी, उपाध्यक्ष गोविंदी मेहता, संगठन मंत्री गोविंदी पंत, कोषाध्यक्ष नीरु बिष्ट, सचिव देवकी सामंत, दीया आदि मौजूद रहीं।