नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और गृहमंत्री अमित शाह ने बुधवार को ग्वालियर राजघराने की राजमाता विजयाराजे सिंधिया को उनकी जयंती पर नमन किया। मोदी ने आज ट्वीटर पर लिखा, राजमाता विजया राजे सिंधिया जी की जयंती पर कोटि-कोटि नमन। वह साहस और दूरदर्शिता का पर्याय थी। उन्होंने अपना जीवन दूसरों की सेवा में समर्पित कर दिया। इस दौरान उन्होंने पिछले मन की बात कार्यक्रम में उनके उत्कृष्ट व्यक्तित्व के बारे में कही गई बातों को साझा किया। शाह ने ट्वीट किया, पद और सत्ता के मोह से दूर राजमाता सिंधिया जी ने एक राष्ट्रसेवक के रूप में जीवन जीकर राजनीति में उच्च आदर्श स्थापित किये। अपना जीवन देश और संगठन की सेवा में समर्पित करने वाली राजमाता सिंधिया का आपातकाल में लोकतंत्र की पुनर्स्थापना के लिए संघर्ष हमें सदैव प्रेरणा देता रहेगा। राजमाता विजयाराजे सिंधिया की जयंती पर उन्हें नमन।