क्राईम स्टोरी न्यूज़। शुक्लागंज में गंगा नदी पर पुराने पुल के पास एक नया फोर लेन का पुल बनाया जाएगा। राज्य सेतु निगम की टीम ने नगर पालिका गंगाघाट के साथ निरीक्षण किया। पुल का आखिरी पिलर सीताराम कालोनी के पास स्थित शौचालय के पास बनाया जाएगा। नए पुल के निर्माण से पहले राज्य सेतु निगम के एई अनुराग सिंह ने मौके पर स्थलीय निरीक्षण किया। गंगा नदी पर पुराने पुल के समानांतर लगभग 50 मीटर की दूरी पर एक फोरलेन का नया पुल बनने जा रहा हैं। जिसके लिए बुधवार दोपहर को राज्य सेतु निगम की टीम ने नगर पालिका गंगाघाट की टीम के साथ निरीक्षण किया। फोरलेन पुल पुराने गंगापुल व रेलवे पुल के ऊपर से होकर शुक्लागंज तक बनेगा। नए गंगापुल को बनाए जाने से पहले उसके एस्टीमेट तैयार करने के लिए राज्य सेतु निगम के एई अनुराग सिंह ने अपने सहयोगी राकेश पांडेय के साथ मिश्रा कालोनी पहुंच कर स्थलीय निरीक्षण किया। नक्शे को देख कर उन्होंने उसका एस्टीमेट तैयार करने की कवायद प्रारंभ कर दी। फोर लेन पुल को लेकर चेयरमैन प्रतिनिधि संदीप ने बताया कि प्रस्तावित नक्शे के हिसाब से पुल का निर्माण कराया जाना है। जल्द ही प्रशासनिक टीम निरीक्षण कर रिपोर्ट शासन को सौंपने की तैयारी में जुटी है।
